आखिर क्यों विश्वामित्र ने वशिष्ठ से क्षमा मांगी?

वशिष्ठ और विश्वामित्र की कहानी

ऋषि विश्वामित्र महान् विद्वान् होते हुए भी बहुत क्रोधी थे। ऋषि वशिष्ठ उनको राजर्षि कहकर पुकारते थे जबकि विश्वामित्र चाहते थे कि वशिष्ठ मुझे ब्रह्मर्षि कहें।
एक बार विश्वामित्र क्रोध में आकर सोचने लगे क्यों न वशिष्ठ को मार दिया जाए जिससे मुझे राजर्षि कहने वाला ही कोई न बचे और मैं ब्रह्मर्षि बन जाऊं। वे वशिष्ठ को मारने की ठान कर चल पड़े और उस वृक्ष के ऊपर घात लगाकर बैठ गए जिस वृक्ष के नीचे प्रतिदिन वशिष्ठ अपने शिष्यों को पढ़ाया करते थे।
निश्चित समय पर सभी शिष्य वृक्ष के नीचे आकर बैठ गए।
कुछ देर बाद ऋषि वशिष्ठ भी वृक्ष के नीचे अपने आसन पर विराजमान हो गए। गुरु उपदेश करते रहे। शिष्य सुनते रहे। गुरु
शिष्य के संवाद में समय का पता ही न चला। सायंकाल हो गया।
परन्तु विश्वामित्र को वशिष्ठ पर वार करने का मौका नहीं मिला।
विश्वामित्र सोचने लगे जैसे ही शिष्य जाएंगे वैसे ही मौका पाकर मैं अपने शत्रु का अन्त कर दूंगा, और ब्रह्मर्षि कहलाऊंगा।
सन्ध्याकाल होते ही पूर्णमासी के उगते हुए चांद को देखकर एक शिष्य ने कहा गुरुदेव ! कितना सुन्दर चांद है और इसकी
रोशनी तथा शीतलता भी अनुपम है। शिष्य के द्वारा चन्द्रमा के सौन्दर्य का वर्णन सुनकर वशिष्ठ बोले-“इसमें कोई सन्देह नहीं
कि यह चांद अति सुन्दर है परन्तु यदि तुम ऋषि विश्वामित्र को देखो तो इस चांद को भूल जाओ। ऋषि विश्वामित्र के सौन्दर्य
के सामने तो इस चांद की सुन्दरता कुछ भी नहीं है। यदि विश्वामित्र में क्रोध का कलंक न हो तो वे सूर्य के समान चमक
उठेंगे।"
गुरु के मुख से विश्वामित्र की प्रशंसा सुनकर शिष्य बोला-गुरुदेव विश्वामित्र तो आपके शत्रु हैं और आप उनकी निन्दा करते हैं फिर एकाएक उनकी प्रशंसा कैसे?
वशिष्ठ बोले वत्स! तुम सत्य कह रहे हो परन्तु यह भी सत्य है कि विश्वामित्र मुझसे अधिक विद्वान् तपस्वी, कर्मयोगी हैं उनके
चरणों में मेरा मस्तक नत है।
वशिष्ठ को मारने के लिए वृक्ष पर बैठे विश्वामित्र अपनी प्रशंसा सुनकर आश्चर्यचकित हो गए। वृक्ष से नीचे उतरे। छुरे को एक ओर फेंक दिया और वशिष्ठ के चरणों में गिरकर बोले-ऋषिवर! मुझे क्षमा कीजिए।
आत्मग्लानि से क्षमायाचना करते हुए विश्वामित्र को उठाकर वशिष्ठ बोले-उठो ब्रह्मर्षि!
वशिष्ठ के मुख से अपने लिए ब्रह्मर्षि सुनकर विश्वामित्र हैरान होकर कहने लगे-आपने मुझे ब्रह्मर्षि कहा! क्या सचमुच आप मुझे ब्रह्मर्षि मानते हैं?
वशिष्ठ बोले-आज से आप ब्रह्मर्षि कहलाओगे। तुम्हारा क्रोध शांत हो गया है। हे महान् तपस्वी विश्वामित्र! क्रोध पर विजय पाकर आप ब्रह्मर्षि की पदवी के पूर्ण अधिकारी हो।

Comments